Blog

सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगो और शुभंकर ‘गजरु’ का किया अनावरण

बिगुल
बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने जा रहे सरगुजा ओलंपिक 2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा ओलंपिक के लोगो और शुभंकर “गजरु” का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरगुजा अंचल पूरे उत्साह, ऊर्जा और मनोयोग के साथ इस बड़े खेल आयोजन के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक में 12 खेल विधाओं के लिए करीब 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जो युवाओं की खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और प्रतिभा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बस्तर ओलंपिक ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, उसी तरह सरगुजा ओलंपिक भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मजबूत मंच देगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों को राज्य की प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश मिलेगा। साथ ही, उन्हें यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित कर बच्चों और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सरगुजा ओलंपिक 2026 का लोगो क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। लोगो के केंद्र में मैनपाट स्थित टाइगर पॉइंट जलप्रपात को प्रतीक रूप में दिखाया गया है, जबकि चारों ओर 12 खेलों के चिन्ह समावेशिता और समान अवसर का संदेश देते हैं। लाल रंग पहाड़ी कोरवा जनजाति की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है, जो शक्ति, साहस और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।

शुभंकर “गजरु” हाथी के रूप में चुना गया है, जो सरगुजा अंचल की पहचान के साथ-साथ बल, धैर्य, बुद्धिमत्ता और टीम भावना का प्रतीक है। यह खेल भावना और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है।

सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक पंजीयन किया गया था। छह जिलों से 3.50 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें लगभग 1.59 लाख पुरुष और 1.89 लाख महिलाएं शामिल हैं। कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी सहित 12 खेलों में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल तनुजा सलाम सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button