Blog

मनेंद्रगढ़ में अमृतधारा महोत्सव: नपाध्यक्ष-विधायक प्रतिनिधि ने नाराज होकर छोड़ा कार्यक्रम, क्यों हुआ विवाद?

बिगुल
मनेंद्रगढ़ में अमृतधारा महोत्सव के दौरान शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव व उनके पति विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव कार्यक्रम से नाराज होकर बाहर निकल गए। इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव में जनप्रतिनिधियों और अतिथियों की मौजूदगी में मंचीय कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान मंच से नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव का नाम नहीं पुकारा गया, जबकि विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव का नाम लिया गया। बताया गया कि नाम पुकारे जाने के बावजूद सरजू यादव मंच पर नहीं गए, जिसके बाद दोनों कार्यक्रम से बाहर निकल गए।

विवाद का एक अन्य कारण वाहन रोकने की घटना भी रही। विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई थी। इसी दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव और विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव के वाहन को प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया।

आरोप है कि वाहन पर नेम प्लेट लगी होने और मौके पर परिचय देने के बावजूद उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा रहा था। इस बात से दोनों जनप्रतिनिधि नाराज हो गए। बताया जाता है कि बार-बार रोके जाने और पहचान बताने के बाद भी प्रवेश न मिलने पर विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव ने गुस्से में आकर गाड़ी में लगा नगरपालिका अध्यक्ष का बोर्ड तोड़कर कार्यक्रम स्थल पर फेंक दिया।

इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल रहा। हालांकि, पुलिस और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल से बाहर चले गए।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button