भाजपा विधायक राजेश मूणत ने ली स्मार्ट सिटी के अफसरों की बैठक, साइंस कालेज चौपाटी को हटाने के निर्देश, छात्रों के लिए ओपन रीडिंग और बच्चों के लिए प्ले जोन बनेगा
बिगुल
पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक राजेश मूणत ने राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में कांग्रेस शासन काल के दौरान स्थापित की गई चौपाटी के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया है। श्री मूणत ने मांग की है कि यहां से चौपाटी हटाकर शैक्षणिक माहौल को ठीक किया जाए।
जानते चलें कि राजधानी रायपुर में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय भारी विवादों के बीच जीई रोड के किनारे साइंस कॉलेज मैदान में चौपाटी स्थापित की गई थी। इसमें स्मार्ट सिटी फंड से करोड़ो रुपए खर्च किए गए थे। बताया जाता है कि स्मार्ट सिटी का पैसा नियम विरुद्ध तरीके से खर्च किया गया जिसमें नेताओं और तत्कालीन अफसरों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार किया गया, करोड़ों रुपए की लागत से दुकानें बनाई गई और बाद में उन्हें ठेके पर दे दिया गया। अब कोई ठेकेदार इन गुमटियों को किराए में देकर भारी मुनाफा कमा रहा है।
रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने प्रोजेक्ट की शुरुआत से ही उसका जमकर विरोध किया था। उन्होंने लगभग एक सप्ताह तक धरना भी दिया था। श्री मूणत नगर निगम के पार्षदों को लेकर दिल्ली गए थे तथा उस समय के तत्कालीन शहरी विकास केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करते हुए इस प्रोजेक्ट को रोकने तथा इसमें खर्च भी राशि की जांच की मांग की थी।
विधानसभा चुनाव होने के बाद तक मुद्दा खटाई में पड़ गया था लेकिन राजेश मूणत ने अब फिर से मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अफसरों की बैठक लेकर पुरे प्रोजेक्ट की फाइल मंगवाई है। सूत्रों के मुताबिक अफसर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उन्होंने मान लिया है कि पूरा प्रोजेक्ट ही गलत बनाया गया। केंद्र से मिली राशि का दुरुपयोग किया गया। मूणत ने अफसरों को निर्देश दिया है कि चौपाटी की दुकानों को अन्यत्र स्थापित किया जाए। रायपुर स्मार्ट सिटी परामर्शदात्री समिति की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए हैं.
भाजपा नेता शिव दुबे ने भी श्री मूणत के अभियान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि चौपाटी की दुकानों को हटाकर यहां पर छात्रों के लिए ओपन रीडिंग और बच्चों के प्ले जोन का निर्माण किया जाएगा.!