बृजमोहन अग्रवाल बोले- रायपुर सांसद खेल महोत्सव बना देश का सबसे बड़ा जन आंदोलन

बिगुल
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस पर राजधानी रायपुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव पंडित दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में समापन हुआ। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडावीया ने वर्चुअल जुड़कर खिलाड़ियों और युवाओं का हौसला बढ़ाया।
पीएम ने कहा कि खिलाड़ियों के जोश, जज़्बे और उत्साह में उन्हें सशक्त भारत के दर्शन हो रहे हैं। इस अवसर पर खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 29 अगस्त से प्रारंभ हुआ रायपुर सांसद खेल महोत्सव आज छत्तीसगढ़ के निर्माता, देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर संपन्न हुआ।
यह आयोजन न केवल रायपुर बल्कि पूरे देश का अब तक का सबसे बड़ा सांसद खेल महोत्सव बनकर उभरा है। इस ऐतिहासिक महोत्सव में 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने सहभागिता की। 13 खेल विधाओं में अपना शानदार प्रदर्शन किया।अकेले रायपुर शहर से ही लगभग 22 हजार खिलाड़ी इस आयोजन का हिस्सा बने।



