मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया गहरा शोक, दिए जांच और उपचार के निर्देश, खल्लारी माता मंदिर रोप-वे हादसा

बिगुल
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है।
उन्होंने आगे लिखा कि दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मां खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।



