Blog

दुर्गम रास्तों पर बाइक चलाकर सुदूर गांव पहुंचे कलेक्टर, बीएमओ और आरएचओ सस्पेंड, कलेक्टर भोसकर ने प्राथमिक शालाओं और आंगनबाड़ियों का निरीक्षण किया

बिगुल
अंबिकापुर. सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर बुधवार को औचक निरीक्षण पर निकले. कलेक्टर ने इस दौरान उदयपुर के सुदूर गांव पेंडरखी, पहाड़कोरजा, झिंगाझरिया, बकोई, मुंदराडांड और खुझी पहुंचकर प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला और आंगनबाड़ियों का निरीक्षण किया. इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान, एपीओ शिक्षा विभाग रविशंकर पांडेय सहित खंड स्तरीय अधिकारी भी साथ थे.

जिले में बेहतर शिक्षा व्यवस्था बनाने को लेकर कलेक्टर भोसकर स्वयं औचक निरीक्षण कर रहे हैं. ग्राम पेंडरखी में शाला निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्वच्छता और अच्छे शिक्षण कार्य, मध्यान्ह भोजन की अच्छी गुणवत्ता को देखते हुए सराहना की और इसी तरह व्यवस्था बनाए रखे प्रेरित किया। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने कलेक्टर ने स्वयं जमीन पर बैठकर भोजन भी किया.

खुद ही बाइक चलाकर पहुंचे कलेक्टर
दुर्गम रास्तों पर स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर कलेक्टर पेंडरखी से पहाड़ कोरजा पहुंचे. यहां प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर उन्होंने एकल शिक्षकीय होने की जानकारी संज्ञान में आने पर एक अतिरिक्त शिक्षक शाला में भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए. कलेक्टर ने पहाड़कोरजा गांव में आंगनबाड़ी में आवश्यक मरम्मत हेतु प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए.

कलेक्टर भोसकर ने अपने निरीक्षण के दौरान झिंगाझरिया, बकोई और मुंदराडांड जैसे जिले की सीमा पर स्थित गांवों में प्राथमिक शालाओं और आंगनबाड़ियों का निरीक्षण किया. दूरस्थ गांव होने के बावजूद शालाओं में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति के साथ पढ़ाई देख कलेक्टर ने शिक्षकों को निष्ठा और मेहनत की सराहना की.

कलेक्टर ने औचक किया निरीक्षण
पहाड़कोरजा की तरह ग्राम खुझी में भी कलेक्टर मोटरसाइकिल पर पहुंचे. यहां भी औचक निरीक्षण के बावजूद निर्बाध शिक्षण कार्य को देखते हुए कलेक्टर ने संतोष जाहिर किया. पहाड़कोरजा, मुंदराडांड और खुझी में एकल शिक्षकीय स्कूल की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने डीईओ को एक-एक शिक्षक तीनों स्कूलों में देने के निर्देश दिए. संकुल में शिक्षण कार्य, मध्यान्ह भोजन की अच्छी व्यवस्था और स्कूल परिसरों में सफाई के मद्देनजर कलेक्टर ने सीएसी सुनील कुमार यादव को आगामी 15 अगस्त में पुरस्कृत किए जाने के निर्देश दिए.

उप स्वास्थ्य केंद्र पेंडरखी मिला बंद
औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र पेंडरखी के बंद मिलने पर बेहद नाराजगी जताई गई. कलेक्टर ने इस लापरवाही पर बीएमओ और आरएचओ को निलंबित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने मौके पर मौजूद सीएमएचओ को निर्देशित किया.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button