सब्जी बनाने के विवाद में हैवान बना पति, गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या

बिगुल
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज सब्जी पकाने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी वारदात के बाद अपनी दो साल की मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गया था,मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढा) की है.
सब्जी बनाने को लेकर झगड़ा, पति ने पत्नी को उतारा मौते के घाट
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष) अपनी पत्नी कमला विश्वकर्मा और दो वर्षीय बेटी के साथ अपने नाना के घर आया हुआ था. 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आपा खो दिया और पास रखे लकड़ी के डंडे से कमला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. चोट इतनी गंभीर थी कि 6 माह की गर्भवती कमला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला.
मृतिका के पिता जेठू विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक टीम गठित की गई. घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक विशेषज्ञों और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया. डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि कमला की मृत्यु मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण हुई है, जो कि हत्या की श्रेणी में आता है.
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार (चौकी दोकड़ा) से धर दबोचा.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है.



