कोरबा में सड़क किनारे बाइक खड़ी कर सो गया नशेड़ी, अचानक धू-धूकर जली; राहगीरों ने बचाई जान

बिगुल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़निया में सोमवार सुबह एक अजीबो गरीब घटना सामने आई। गांव निवासी मनीराम यादव बाइक से सर्वमंगला की ओर से अपने गृह ग्राम पड़निया लौट रहा था। बताया जा रहा है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और वहीं सो गया।
इसी दौरान उसकी खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई। आग स्वतः लगी या किसी ने लगाई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आग लगने के वक्त चालक बाइक के बेहद करीब सोया हुआ था। तभी राहगीरों की नजर जलती बाइक पर पड़ी।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत जलती बाइक के पास से चालक को हटाया और उसकी जान बचाई। नशे में धुत चालक को जैसे तैसे उसके घर पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक नशे की हालत में बेसुध था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उसे बाइक से दूर नहीं किया जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि चालक नशे में सोया था, ऐसे में किसी असामाजिक तत्व द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। फिलहाल घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं।


