Blog

खल्लारी माता मंदिर रोपवे हादसा: एक और श्रद्धालु की मौत, पत्नी और बच्ची की हालत गंभीर

बिगुल
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी माता मंदिर में रविवार को हुए रोपवे हादसे में आज एक श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया है। महासमुंद निवासी 50 वर्षीय गोविंद स्वामी, जो पिछले कुछ दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे, वो रायपुर के अस्पताल में जिंदगी की लड़ाई हार गए। उनकी पत्नी और मासूम बच्ची अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

क्या है मामला
जनाकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब नवरात्रि के पावन मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खल्लारी माता के दर्शन के लिए पहाड़ी मंदिर पहुंच रहे थे। इसी में कई लोग रोपवे के जरिए ऊपर जा रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। जिससे ट्रॉली जोर के झटके के साथ नीचे की ओर खिसकी। उसमें बैठे लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। कुछ ही पलों में श्रद्धा का माहौल अफरातफरी और डर में बदल गया।

इस घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इससे पहले रायपुर की 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर की भी इस हादसे में जान चली गई थी। जबकि उनके पति अब भी गंभीर रूप से घायल हैं। जिस रोपवे को सुरक्षित मानकर लोग सफर कर रहे थे, उसका मेंटेनेंस महज चार दिन पहले ही किया गया था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है। इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आस्था के इन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम कितने मजबूत हैं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button