दो मंत्री, एक विधानसभा उपाध्यक्ष के नाम तय हो सकते हैं! कल भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक, पूर्णत: प्रभारी बने नितिन नबीन के दिखेंगे नए तेवर

बिगुल
रायपुर. कल 10 जुलाई को छत्तीसगढ़ भाजपा की बड़ी बैठक होने जा रही है जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आलाकमान की तरफ से उपस्थ्ति रहेंगे साथ ही प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी नितिन नबीन और सह संगठन राष्ट्रीय महामंत्री शिवप्रकाश की उपस्थिति में सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक होंगी।
तदोपरांत प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा का उपचुनाव और निकाय चुनाव और निगम मंडलों की नियुक्ति पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। कुछ मंत्री की छुट्टी की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जानते चलें कि छत्तीसगढ़ की साय सरकार में 4 जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद से ही मंत्रीमंडल विस्तार की सुगबुगाहट चल रही है। छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर के जाने के बाद वर्तमान प्रभारी नीतिन नबीन की जिम्मेदारी बढ़ा दी गई है। उनके साथ सह संगठन राष्ट्रीय महामंत्री शिवप्रकाश पूरे समय छत्तीसगढ़ की राजनीति में नजऱ रखेंगे।
केबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद तो मंत्री मंडल विस्तार के कयासों का बाजार गर्म है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव दिल्ली भी जाकर आ चुके हैं। उनके लौटने के बाद से ही बंद लिफाफा खुलने के इंतजार में विधायक और अन्य नेता बैठे हैं। जानकारी के मुताबिक इस सप्ताह भाजपा सरकार के मंत्री मंडल का विस्तार किये जाने की सम्भावना है। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि तीन मंत्रियों को शपथ दिलाया जा सकता है जिसमे राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, गजेंद्र यादव, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, पुरंदर मिश्रा में से कोई भी तीन मंत्री शपथ ले सकते हैं। साथ ही किसी एक या दो मंत्री को ड्राप करने की भी सुगबुगाहट है।
विधानसभा उपाध्यक्ष की दौड़ में विधायक
विधानसभा सत्र आगामी 22 जुलाई से होना है, इसी में विधानसभा उपाध्यक्ष भी तय किया जा सकता है. भाजपा इसे अपनी तरफ रखना चाहती है इसलिए कई वरिष्ठ विधायकों का नाम चर्चा में हैं. प्रमुख रूप से अजय चंद्राकर और रामविचार नेताम का नाम शामिल है. वैसे धरम लाल कौशिक का भी नाम लिया जा रहा है लेकिन वे विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं इसलिए इस बार वे मंत्री बनना चाहते हैं.



