बस्तर को नई उड़ान: 31 मार्च से फिर शुरू होगी जगदलपुर-रायपुर फ्लाइट, हैदराबाद से भी कनेक्टिविटी

बिगुल
एलायंस एयर ने बस्तर क्षेत्र के लिए बड़ी राहत का ऐलान करते हुए जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर दोबारा हवाई सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। यह सेवा 31 मार्च से समर शेड्यूल के तहत शुरू होगी और हैदराबाद, जगदलपुर और रायपुर को आपस में जोड़ेगी।
काफी समय से इस रूट पर फ्लाइट सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को लंबी दूरी सड़क और रेल मार्ग से तय करनी पड़ रही थी। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की लगातार मांग के बाद अब यह सेवा फिर से शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नई फ्लाइट सेवा के शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और प्रशासनिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस बीच एक बदलाव यह भी हुआ है कि जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
फ्लाइट शेड्यूल (आगे की उड़ान)
हैदराबाद से सुबह 7:50 बजे प्रस्थान
जगदलपुर में 9:10 बजे आगमन
जगदलपुर से 9:35 बजे प्रस्थान
रायपुर में 10:30 बजे आगमन
वापसी उड़ान
रायपुर से दोपहर 2:25 बजे प्रस्थान
जगदलपुर में 3:20 बजे आगमन
जगदलपुर से 3:45 बजे प्रस्थान
हैदराबाद में 5:05 बजे आगमन
इस नई कनेक्टिविटी से बस्तर क्षेत्र को सीधे बड़े शहरों से जुड़ने का मौका मिलेगा। रायपुर के जरिए अन्य शहरों तक पहुंच आसान होगी और भविष्य में रीवा जैसे शहरों से भी हवाई संपर्क मजबूत होने की संभावना है। जहां एक ओर नई सेवा शुरू हो रही है, वहीं एलायंस एयर ने जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को फिलहाल बंद कर दिया है। इस रूट पर हाल ही में आखिरी उड़ान संचालित की गई, जिसके बाद इसे स्थगित कर दिया गया है।



