नक्सल डेडलाइन से सात दिन पहले नक्सली संगठन का बड़ा चेहरा पापा राव आज करेगा सरेंडर

बिगुल
छत्तीसगढ़ से नक्सल खात्मे की डेडलाइन 31 मार्च 2026 से करीब एक सप्ताह पहले खूंखार नक्सली पापा राव उर्फ मंगू आज मंगलवार को सरेंडर कर सकता है। वह अपने 17 साथियों के साथ सरेंडर करेगा। सुकमा जिला निवासी 56 वर्षीय पापा राव एके-47 समेत कई आधुनिक हथियारों से लैस रहता है। वह पश्चिम बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) का सदस्य है।छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में बड़ा बयान देते हुए कहा कि नक्सली पापाराव के आत्मसमर्पण के साथ छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होगा। अब छत्तीसगढ़ में बड़े कैडर का एक भी नक्सली नहीं बचा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने पापा राव पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
नक्सली पापा राव छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन तीनों से वाकिफ है, इस वजह से वह कई बार पुलिस ऑपरेशन से बच निकला है। वह एकमात्र फाइटर नक्सली बचा है बाकि नक्सली उम्रदराज हो चुके हैं। ऐसे मे माना जा रहा है कि उसके सरेंडर करने से बस्तर से माओवाद का सफाया हो जायेगा।
बताया जाता है कि लाल आतंक का बड़ा चेहरा नक्सली पापा राव सरेंडर करने के लिये जंगल के रास्ते अपने 17 साथियों के साथ निकल चुका है। सूत्रों के अनुसार, बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में वह अगले कुछ घंटों में पहुंच सकता है। फिर वहां से उसे जगदलपुर लाया जायेगा। बस्तर संभाग के आईजी पी. सुंदरराज के सामने वह अपने 17 साथियों और आधुनिक हथियारों के साथ औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेगा।



