Blog

गैस संकट से रायपुर का फूड कारोबार प्रभावित, 20 से ज्यादा रेस्टॉरेंट बंद

बिगुल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहे तनाव के बीच राजधानी रायपुर में भी इसका अप्रत्यक्ष असर देखने को मिल रहा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण शहर में कई होटल और रेस्टॉरेंट संचालकों को अपना कारोबार अस्थायी रूप से बंद करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार गैस की आपूर्ति बाधित होने से अब तक 20 से अधिक रेस्टॉरेंट बंद हो चुके हैं, जिससे फूड इंडस्ट्री पर दबाव बढ़ गया है।

शहर में करीब 100 से ज्यादा बड़े रेस्टॉरेंट संचालित होते हैं, जिनकी रसोई पूरी तरह कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहती है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से सिलेंडर की नियमित सप्लाई नहीं हो पाने के कारण कई प्रतिष्ठानों के सामने संचालन जारी रखना मुश्किल हो गया है। कुछ रेस्टॉरेंट संचालकों ने बताया कि गैस खत्म होने के बाद उनके पास फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बची, जिसके कारण उन्हें दुकानें बंद करनी पड़ीं। मार्च-अप्रैल का समय शादी-ब्याह और बड़े आयोजनों के लिए व्यस्त सीजन माना जाता है। ऐसे में गैस सिलेंडर की कमी से कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई आयोजकों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं, जिससे लागत भी बढ़ रही है और तैयारियों में देरी हो रही है।

शहर के बड़े होटलों के पास भी कमर्शियल गैस का सीमित स्टॉक बचा हुआ है। होटल संचालकों के अनुसार उनके पास केवल दो से तीन दिन का ही गैस भंडार बचा है। यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और अधिक होटल और रेस्टॉरेंट प्रभावित हो सकते हैं। रेस्टॉरेंट और होटल कारोबार से जुड़े लोगों ने गैस आपूर्ति को जल्द सामान्य करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो फूड इंडस्ट्री के साथ-साथ कैटरिंग और छोटे कारोबारियों को भी बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button