Blog

बैलाडीला भूस्खलन पर NMDC का बड़ा खुलासा, 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित; IIT बॉम्बे करेगी जांच

बिगुल
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला स्थित किरंदुल में NMDC के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन को लेकर अब कंपनी ने अपनी प्रारंभिक जांच के आधार पर घटना की संभावित वजह बताई है। NMDC का दावा है कि खदान क्षेत्र से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में हुई प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल के कारण पुराने वेस्ट डंप का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना के बाद पहाड़ी से मलबा नीचे की ओर फैल गया और आसपास के वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा। वहीं, वन विभाग के शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित जंगल प्रभावित होने की बात सामने आई है। घटना की वास्तविक वजह और जमीन के भीतर की स्थिति का पता लगाने के लिए अब IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है।

खदान से दो किलोमीटर दूर हुई भूगर्भीय हलचल, NMDC ने बताई ये वजह
NMDC के मुताबिक, 18 नवंबर को बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल हुई थी। इसका असर सबसे पहले लोहागांव की तरफ बन रही ग्रामीण सड़क और आसपास के इलाके में दिखाई दिया।

कंपनी का कहना है कि इस हलचल का प्रभाव बाद में खनन पट्टा क्षेत्र के भीतर मौजूद पुराने वेस्ट डंप तक पहुंचा। इसके चलते डंप का एक हिस्सा ढह गया और खनन अपशिष्ट सामग्री ढलान की ओर फैल गई।

NMDC ने अपनी शुरुआती जांच में इसे खनन गतिविधियों से सीधे शुरू हुई घटना के बजाय बाहरी प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल का परिणाम बताया है। हालांकि, कंपनी के इस दावे की अंतिम पुष्टि वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

30 हेक्टेयर आरक्षित जंगल को नुकसान, 3 किलोमीटर का नाला प्रभावित
भूस्खलन के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

वन विभाग के अनुसार, कंपार्टमेंट नंबर 673 में पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति पर असर पड़ा है। इसके अलावा करीब 2.5 से 3 किलोमीटर लंबा नाला भी मलबे की चपेट में आया है।

NMDC के मुताबिक, कंपनी, वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आया कि पुराने वेस्ट डंप से निकली खनन अपशिष्ट सामग्री ढलान के निचले हिस्से तक करीब 200 से 250 मीटर पहुंची है। वहीं, पहाड़ी की प्राकृतिक मिट्टी और बजरी का फैलाव लगभग 2 से 3 किलोमीटर तक देखा गया।

कंपनी ने यह भी माना है कि इस घटना में भूमिगत जलधारा की संभावित भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।

जनवरी 2026 की रिपोर्ट में सुरक्षित बताया गया था पुराना वेस्ट डंप
भूस्खलन के बाद पुराने वेस्ट डंप की स्थिरता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस पर NMDC ने अपने तकनीकी रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया है कि संबंधित वेस्ट डंप करीब 20 साल पुराना है और इसकी सुरक्षा के लिए समय-समय पर इंजीनियरिंग संबंधी उपाय किए जाते रहे हैं।

कंपनी के अनुसार, डंप की स्थिरता बनाए रखने के लिए कई व्यवस्थाएं की गई थीं। इनमें ढलान को मजबूत करने के लिए सीढ़ीनुमा संरचनाएं, बारिश के पानी की निकासी के लिए गारलैंड ड्रेन, आधार को सहारा देने के लिए टो बट्रेस वॉल और स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण शामिल था।

इसके अलावा धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (CIMFR) ने भी डंप की स्थिरता का तकनीकी अध्ययन किया था। NMDC का कहना है कि जनवरी 2026 में प्राप्त रिपोर्ट में डंप को सुरक्षित बताया गया था। नियमित मासिक सर्वेक्षणों में भी सतह पर किसी बड़ी हलचल के संकेत नहीं मिले थे।

हालांकि, पहले की स्थिरता रिपोर्ट और मौजूदा भूस्खलन के बीच संबंधों को समझना अब जांच का अहम हिस्सा होगा।

IIT बॉम्बे के विशेषज्ञ पता लगाएंगे जमीन के भीतर क्या हुआ
घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए NMDC ने IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की सहायता से वैज्ञानिक अध्ययन शुरू कराने की जानकारी दी है। इस जांच का उद्देश्य यह समझना है कि पहाड़ी के भीतर किस तरह की भूगर्भीय गतिविधि हुई और उससे वेस्ट डंप कैसे प्रभावित हुआ।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button