Blog

मुख्यमंत्री साय का दौरा और कांग्रेस की चुनावी बैठक समेत पढ़े आज की 5 बड़ी खबरें

बिगुल
छत्तीसगढ़ में आज यानी 23 नवंबर को राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिहाज से दिन काफी अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोंडागांव जिले के धनोरा में आयोजित कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे। वहीं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बेमेतरा जिले के दौरे पर रहेंगे। इसके अलावा हिंदू नेता डॉ. प्रवीण तोगड़िया चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास की शुरुआत करेंगे। राजधानी के महादेव घाट पर कार्तिक पूर्णिमा और पुन्नी मेले को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोंडागांव दौरे पर, विकास कार्यों की देंगे सौगात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोंडागांव जिले के धनोरा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे जशपुर से रायपुर लौटेंगे। इसके बाद यहां से सीधे धनोरा के लिए रवाना होंगे। धनोरा में मुख्यमंत्री राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के अवसर पर आयोजित कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके पश्चात शाम 4:45 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में शामिल होंगे। यह कार्यशाला मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर केंद्रित रहेगी। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

BJYM राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी का रायपुर में आज व्यस्त कार्यक्रम
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे डॉ. हेमांग जोशी का रायपुर एयरपोर्ट पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आज राजधानी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. जोशी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके साथ ही साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। अग्रसेन भवन में युवतियों के साथ भी उनकी चर्चा प्रस्तावित है। वहीं रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम में वे हिस्सा लेंगे। इस दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं से मुलाकात कर नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर विशेष चर्चा करेंगे।नक्शे देखें

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज बेमेतरा में करेंगे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज बेमेतरा जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे नगर पंचायत मारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी। संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी गतिविधियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श होने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दीपक बैज करीब दो घंटे तक बैठक में शामिल रहेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे वहां से रवाना हो जाएंगे।

डॉ. प्रवीण तोगड़िया का चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा आज से शुरू
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया आज 23 नवंबर से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास की शुरुआत करेंगे। अपने दौरे के पहले दिन वे रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के दौरान हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद डॉ. तोगड़िया दोपहर में मीडिया से बातचीत के लिए प्रेस वार्ता करेंगे। रायपुर में कार्यक्रम पूरा करने के बाद वे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। इसके बाद रायगढ़ और अंबिकापुर का दौरा करेंगे। निर्धारित प्रवास पूरा होने पर वे वापस रायपुर लौटेंगे और यहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट में पुन्नी मेले की रौनक, श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक पुन्नी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। खारुन नदी के किनारे तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले के लिए दुकानों को सजाया जा रहा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार महादेव घाट पर करीब 200 वर्षों से पुन्नी मेले का आयोजन होता आ रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और खारुन नदी में पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगरेल बांध से नदी में पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा मेला स्थल पर पेयजल की व्यवस्था के लिए पांच पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से मेले को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button