Blog

राहुल गांधी के दीपावली मिलन समारोह में जुटे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज, सोनिया-प्रियंका से हुई मुलाकात

बिगुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर देश के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालात पर चर्चा की।

राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित निवास पर आयोजित इस समारोह में यूपीए की चेयरपर्सन और सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश कांग्रेस के कई प्रमुख नेता समारोह में पहुंचे। इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आत्मीय मुलाकात की।

समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने दीपावली के संदेश को आपसी प्रेम, विश्वास और एकजुटता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि अंधकार कितना भी गहरा हो, उम्मीद और विश्वास का एक दीपक उसे दूर कर सकता है।

महंत ने मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि देश आज नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत हैं।

राहुल गांधी के आवास पर हुए इस दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके संवाद और मेल-मिलाप के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button