Blog

गरियाबंद में शादी में खाने के बाद 44 लोग बीमार: स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर, दो पंचायतों के ग्रामीण हुए प्रभावित

बिगुल
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से फूड पॉयजनिंग (Food Poisoning Case) का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार दो ग्राम पंचायतों के कुल 44 ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि ये सभी ग्रामीण शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

कार्यक्रम में भोजन करने के बाद जब ग्रामीण अपने-अपने गांव लौटे, तो उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते कई लोगों की हालत बिगड़ गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।

दो पंचायतों के ग्रामीण प्रभावित

मामला ग्राम पंचायत आमदी (द) के आश्रित गांव मोहलाई और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव से जुड़ा है। मोहलाई के 17 ग्रामीण और बोइरगांव के 27 ग्रामीण बीमार हुए हैं। इस तरह दोनों गांवों के कुल 44 लोग फूड पॉयजनिंग के शिकार बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सभी ने एक ही कार्यक्रम में भोजन किया था, जिसके बाद यह स्थिति बनी।

स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर

मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग (Health Department Chhattisgarh) हरकत में आ गया। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी (Sub Health Center Kosmi) में विशेष शिविर लगाकर मरीजों का उपचार शुरू किया गया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर जांच कर रही है। मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ जरूरी दवाइयां दी जा रही हैं।

स्थिति नियंत्रण में- सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी वी.एस. नवरत्न (CMO V.S. Navratna) ने बताया कि सूचना मिलते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम को कोसमी सेक्टर में तैनात किया गया है। अब तक 40 से अधिक लोगों का उपचार किया जा चुका है और सभी की स्थिति नियंत्रण में है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और भोजन के नमूने भी जांच के लिए भेजे जा सकते हैं, ताकि फूड पॉयजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके।

सतर्कता बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से साफ-सफाई का ध्यान रखने और बाहर के भोजन से परहेज करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी मरीजों की निगरानी की जा रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button