Blog

वेदांता हादसा : जांच के लिए कांग्रेस ने गठित की समिति, जयसिंह अग्रवाल को बनाया अध्यक्ष

बिगुल
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में 14 मजदूरों की मौत हो गई है और 26 मजदूर घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने 10 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

समिति का संयोजक पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बनाया गया है। पूर्व मंत्री नोबल वर्मा सहित कई विधायक सदस्य बनाए गए हैं। रामकुमार यादव, उत्तरी जांगड़े, बलेश्वर साहू समेत कई नेता शामिल हैं। समिति को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह मौके पर जाकर पीड़ितों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करे। समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

उधर, वेदांता प्रबंधन की ओर से मुआवजे का एलान किया गया है। जानकारी के मुताबिक, वेदांता प्रबंधन द्वारा हादसे के शिकार हुए मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और वहीं, गंभीर रूप से घायलों को 15 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा मृतकों के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है।

पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की मदद का किया एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले में स्थित बिजली संयंत्र में हुई दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को देगी 5 लाख रुपये की मदद, घायलों को 50 हजार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आर्थिक मदद का एलान किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘राज्य सरकार द्वारा मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹5 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके। सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। कमिश्नर बिलासपुर को घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी रखे हुए है और प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।’

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button