जल जीवन मिशन फेल : विधायक जी के गृह ग्राम का यह हाल, गांव में दर्जनभर से ज्यादा लगे हैंडपंप गर्मी में खराब
बिगुल
मुंगेली. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भीषण गर्मी में लोरमी विकासखंड के बटहा गांव के लोगों को जल संकट से गुजरना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि गांव के दर्जनभर सरकारी हैंडपंप में से एकाध को छोड़कर लगभग सारे हैंडपंप बंद पड़े हुए है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव की खासियत यह है कि यह विधायक धर्मजीत सिंह का गृह ग्राम है। जहां से वे हर चुनाव में वोट करते हैं। तकरीबन 2200 की आबादी वाले ग्राम बटहा के सभी हैंडपंप बन्द पड़े है। यही वजह है कि लोगों को पीने के पानी के लिए रोज जूझना पड़ता है। यह बात हम नहीं बल्कि ग्रामवासियों का कहना है। ग्रामीणों की माने तो लो- वोल्टेज की समस्या अभिशाप साबित हो रहा है इसके चलते बोर का मोटर पम्प चल नहीं पा रहा है। भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. यही नहीं वोल्टेज की समस्या के चलते गर्मी की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। समय पर पानी नहीं मिल पाया।
छवि चंद्रनाथ दुबे, गिरधरलाल दीक्षित, दीपक पाठक सहित अन्य स्थानीय निवासियों का कहना है कि निस्तारी तो दूर पीने के पानी के लिए भी काफी जद्दोजहद करना पड़ रहा है। वो भी तब जब यह गांव विधायक धर्मजीत सिंह का गृह ग्राम है। भले ही विधायक धर्मजीत सिंह वर्तमान में तखतपुर के विधायक हैं, लेकिन अब भी वे बटहा के ही वोटर है, हाल में हुए लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने यही वोट किया है।
जल जीवन मिशन का भी हाल बेहाल
गांव में रहने वाले श्रीराम कश्यप, रामनाथ कश्यप और रंजन कश्यप बताते हैं कि उन्हें उम्मीद थी कि जल जीवन मिशन योजना से घरों घर पानी सप्लाई होने से जल संकट से उनको निजात मिल जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन का भी हाल-बेहाल है। साल भर हो गए पानी टंकी बने एक-दो बार पानी भरकर चेक भी किया गया। इसमें सीपेज की बात सामने आई।