नकली शराब बनाने की देते थे ट्रेनिंग, दो गिरफ्तार

बिगुल
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम पुलिस ने बीते 27 नवंबर गुरुवार को ग्राम पोंडी में अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया था। इस मामले में आज नकली शराब बनाने की ट्रेनिंग देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। अब तक छह आरोपी पकड़े गए हैं.
इसमें ग्राम पंचायत पोंडी के पूर्व सरपंच पति नंद कुमार कुर्रे पिता फागू राम और इसी गांव के पूर्व उपसरपंच इदरीश खान उर्फ पिंटू पिता नियाज अहमद शामिल हैं। बोड़ला एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और नेटवर्क मैपिंग के आधार पर कबीरधाम पुलिस की विशेष टीम जमशेदपुर पहुंची, जहां दबिश देकर गिरोह से जुड़े दो बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया गया।
इनमें राकेश कोहली पिता स्व. नविंदर कोहली, उम्र 39, निवासी न्यू सीताराम डेरा 67 ए थाना सीताराम डेरा, जमशेदपुर जिला पूर्वी सिंहभूम झारखंड और मोहन प्रसाद गुप्ता पिता स्व. बैजनाथ साव, उम्र 67, निवासी हरहरगुट्टू जगदीशपुर रोड, जमशेदपुर थाना बागबेड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम झारखंड शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मोहन गुप्ता ने बताया कि वह फर्नीचर पॉलिश का व्यवसाय करता था और इसी बहाने कलकत्ता के होलसेल केमिकल डीलरों से बड़ी मात्रा में स्पिरिट मंगवाता था। यह स्पिरिट वह झारखंड के अवैध शराब नेटवर्क को सप्लाई करता था। इसी दौरान राकेश कोहली के माध्यम से वह पोंडी क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी नंद कुमार और साजिद के गिरोह को भी लंबे समय से स्पिरिट भेज रहा था।



