रायगढ़ में एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या, दो की हालत गंभीर; गांव में दहशत

बिगुल
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आज तड़के एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। इस वारदात में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के इस मामले में पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह घटना डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत झाल में हुई। सारथी परिवार के सदस्य सुबह करीब 4:30 बजे गहरी नींद में सो रहे थे। इसी बीच पड़ोस का रहने वाला तुलसी दास सारथी धारदार कुल्हाड़ी लेकर उनके घर पहुंचा। उसने सोते समय एक-एक करके परिवार के पांच लोगों पर ताबड़तोड़ वार किए। इस नृशंस हमले में मंदो बाई सारथी (62 साल), राजेश सारथी (36 साल) और प्रशांत सारथी (9 साल) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। कुमार साय सारथी (65 साल) और शकुंतला सारथी (30 साल) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
हत्या की खबर मिलते ही डोंगरीपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपी तुलसी दास सारथी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उससे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी जांच में शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया है कि हत्या की इस वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। आरोपी ने स्वयं आपसी विवाद के कारण इस जघन्य अपराध को करने की बात कही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय ने बताया कि तुलसीदास सारथी ने अपने चचेरे दादा,दादी उनके बेटे, बहु और बच्चे पर हमला कर दिया। इस घटना में तीन की मौत हो गई है, दो का इलाज जारी है। आपसी रंजिश के चलते आये दिन उनके बीच विवाद होते रहता था। बीती रात भी उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है।



