Blog

विधानसभा : कांग्रेस लाएगी स्थगन प्रस्ताव, भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती का मामला विधानसभा पहुंचा, होली की छुट्टियों के बाद कुछ ऐसे शुरू हुआ सदन

बिगुल
​छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही होली के अवकाश के बाद सोमवार 9 मार्च से दोबारा शुरू होते ही छत्तीसगढ़ का सियासी माहौल गरमाने लगा है। बता दें, बीते दिनों दुर्ग जिले में भाजपा से जुड़े एक नेता के खेत में अफीम की खेती के खुलासा हुआ था, जिसके बाद यह मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। दरअसल, कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है और सदन में स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है।

साथ ही कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार और सूखा नशा के मामलों को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। अब भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद सरकार की कार्रवाई और दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करती है, लेकिन भाजपा से जुड़े लोगों के मामलों में चुप्पी साध ली जाती है।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर सदन में उठाए जाने वाले सवालों और रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस विधायक इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव यानी स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके जरिए कांग्रेस सरकार से जवाब मांगने और पूरे मामले की विस्तृत जांच की मांग कर सकती है। पार्टी ने विधायकों को इस मुद्दे पर पूरी तैयारी के साथ सदन में आने के निर्देश भी दिए हैं।

धान खरीदी और राशन व्यवस्था पर भी सवाल
अफीम खेती के मामले के साथ ही कांग्रेस धान खरीदी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और आंगनबाड़ी सेवाओं को लेकर भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष का कहना है कि कई जिलों में धान खरीदी को लेकर किसानों की शिकायतें सामने आई हैं।

इसके अलावा राशन वितरण में गड़बड़ी और आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए जाएंगे। प्रश्नकाल के दौरान खाद्यमंत्री दयालदास बघेल के विभाग से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े मुद्दों पर भी विपक्ष सरकार से जवाब मांगेगा।

पहले भी उठा था सूखा नशा का मुद्दा
विधानसभा सत्र के पहले सप्ताह में भी विपक्ष ने सूखा नशा के मामलों को लेकर सरकार को घेरा था। उस दौरान सरकार की ओर से जारी तस्करों की सूची में नव्या मलिक का नाम नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे।

अब दुर्ग जिले में सामने आए अफीम खेती के मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस सरकार की कार्रवाई और चुप्पी को लेकर सवाल उठा रही है। विपक्ष का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button