ब्रेकिंग : रायपुर में फिर गूंजेगा आईपीएल का शोर, नवा रायपुर स्टेडियम में RCB के दो मैच कराने की तैयारी

बिगुल
राजधानी रायपुर में एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का रोमांच लौटने की संभावना बन रही है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने संभावित होम ग्राउंड के रूप में चुना है।
राजधानी रायपुर में एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का रोमांच लौटने की संभावना बन रही है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने संभावित होम ग्राउंड के रूप में चुना है। इसके तहत टीम यहां दो मुकाबले आयोजित करने की तैयारी में है, जिससे लंबे समय बाद रायपुर के दर्शकों को आईपीएल का लाइव मुकाबला देखने का अवसर मिल सकता है।
सूत्रों के अनुसार, इन मैचों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रयास है कि मुकाबले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ हों। यदि ऐसा होता है तो क्रिकेट प्रेमियों को एक ही मैदान पर विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को देखने का मौका मिल सकता है।
संभावित मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में सुविधाओं को उन्नत करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। वीआईपी गैलरी को पहले से अधिक आधुनिक बनाने के साथ ही दर्शकों के अनुभव को बेहतर करने के लिए स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन को भी बदला जाएगा।
इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को अधिक आरामदायक और लग्जरी बनाने की योजना है। स्टेडियम की अपर गैलरी में लगी दो स्क्रीन हटाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिससे लगभग 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की जा सकेगी। नई स्क्रीन ऐसी लगाई जाएंगी, जिनसे दर्शकों को मैच के महत्वपूर्ण क्षणों को स्लो मोशन में देखने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
स्टेडियम के प्लेटिनम बॉक्स में भी बदलाव की योजना है। लगभग 700 दर्शकों की क्षमता वाले इस बॉक्स में लगे ग्लास को बदलकर इसे और आधुनिक बनाया जाएगा। यह बॉक्स आमतौर पर वीवीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रहता है, इसलिए इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
टीमों की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम परिसर के बाहर अलग से एक पिच तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रायपुर पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकता है।
करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैचों के आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने शहर के प्रमुख होटलों और अन्य सुविधाओं का भी सर्वे किया है। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं, तो रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को करीब एक दशक बाद आईपीएल के रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिल सकता है।



