Blog

मकान मालिक ने किया रेप : युवती हो गई गर्भवती, पेनकिलर से मां-बच्चे की मौत

बिगुल
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गरीबी का फायदा उठाकर 59 साल के मकान मालिक ने 22 साल की युवती से कई बार रेप किया और उसे गर्भवती कर दिया। मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है। आरोपी सुनील घरडे बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी का बेटा बताया जा रहा है, जिसके किराए के मकान में युवती अपने परिवार के साथ रहती थी।

पिता की मौत के बाद परिवार पर टूटा संकट
जानकारी के अनुसार युवती के पिता की मौत कोविड के दौरान हो गई थी। इसके बाद युवती अपनी मां, बहन और भाई के साथ करीब तीन साल से डौंडीलोहारा में रह रही थी। परिवार बेहद गरीब था। मां मजदूरी करती थी, भाई गुपचुप ठेले पर काम करता था और छोटी बहन पढ़ाई करती थी। युवती घर पर रहती थी।

इसी दौरान मकान मालिक सुनील घरडे की नजर युवती पर पड़ गई। वह अक्सर युवती को बुलाता और उससे मजाक करता कि वह उससे प्रेम करता है। युवती उसे दादा कहकर संबोधित करती थी।

पैसे का लालच देकर बनाए शारीरिक संबंध
आरोपी सुनील घरडे शादीशुदा है और उसके दो बड़े बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि वह युवती को पैसे का लालच देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। युवती को डराता धमकाता भी था ताकि वह किसी को कुछ न बता सके। कई बार रेप करने के बाद युवती गर्भवती हो गई।

जब युवती के पीरियड बंद हुए तो करीब चार महीने की प्रेग्नेंसी होने पर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां ने आरोपी से सवाल किया तो उसने बदनामी का डर दिखाते हुए मामला दबाने की कोशिश की और कहा कि वह सब संभाल लेगा।

यूट्यूब पर गर्भ गिराने के वीडियो करता रहा सर्च
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गर्भ गिराने के तरीकों के बारे में यूट्यूब पर वीडियो सर्च करता रहता था। लेकिन जब उसे कोई तरीका समझ नहीं आया तो उसने बच्चे के जन्म के बाद उसे फेंक देने की योजना बना ली थी।

डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय आरोपी युवती और उसके परिवार को लगातार धमकाता रहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उन्हें घर से निकाल देगा और बर्बाद कर देगा

लेबर पेन होने पर खिलाई पेनकिलर, दोनों की मौत
9 मार्च को युवती को 9वें महीने में लेबर पेन शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी मेडिकल दुकान से पेनकिलर की दवाई लेकर आया और युवती को खिला दी। दवा खाने के बाद दर्द और बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने दो और गोलियां दे दीं। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में बच्चा आधा बाहर आ चुका था। करीब 15 मिनट बाद युवती ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। नवजात की भी मौत हो गई।

अंतिम संस्कार की तैयारी में हुआ खुलासा
घटना के बाद आरोपी ने किसी को कुछ भी बताने से मना किया और जल्दी से अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच युवती के रिश्तेदार वहां पहुंच गए। उन्होंने शव देखकर शक जताया क्योंकि युवती का पेट फूला हुआ था। मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि युवती के पेट में करीब तीन किलो का नवजात शिशु था, जो बाहर आते समय फंसा हुआ था।

मोबाइल जांच में सामने आया सच
पुलिस ने जांच के दौरान युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली लेकिन किसी प्रेम संबंध का सुराग नहीं मिला। इसके बाद मकान मालिक के मोबाइल की जांच की गई, जिसमें गर्भ गिराने से जुड़े कई वीडियो सर्च किए गए थे।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button