कोयला घोटाले में EOW का बड़ा एक्शन: राकेश जैन के खिलाफ 1200 पेज का पूरक चालान, 40 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का खुलासा

बिगुल
त्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। EOW ने कारोबारी राकेश जैन के खिलाफ करीब 1200 पेज का पूरक चालान कोर्ट में पेश किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक इस मामले में करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के ठोस सबूत सामने आए हैं।
EOW की जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए लगभग 40 करोड़ रुपये की ब्लैक मनी को अलग-अलग तरीकों से सफेद किया गया। इसके लिए कई फर्जी और शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया गया, जिनके माध्यम से पैसों की लेयरिंग की गई।
शेल कंपनियों से पैसा किया गया व्हाइट
जांच एजेंसी के अनुसार अवैध तरीके से कमाए गए पैसों को वैध दिखाने के लिए कई शेल कंपनियों का सहारा लिया गया। इन कंपनियों के जरिए रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर किया गया और लेयरिंग के जरिए पैसे की असली पहचान छिपाने की कोशिश की गई।
बताया जा रहा है कि फर्जी कंपनियों के जरिए ट्रांजेक्शन दिखाकर ब्लैक मनी को व्हाइट करने का पूरा नेटवर्क तैयार किया गया था। इसके बाद बैंक खातों के माध्यम से रकम को कैश में भी बदला गया।
सूरजकांत तिवारी तक पहुंचता था पैसा
EOW की जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए भेजी गई रकम का हिस्सा कथित तौर पर कारोबारी सूर्यकांत तिवारी तक पहुंचता था। इसके अलावा रायपुर के मेयर अनवर ढेबर को भी रकम ट्रांसफर किए जाने के संकेत जांच में मिले हैं। जांच एजेंसी अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
राकेश जैन के खिलाफ पहले से ही कई मामलों में जांच चल रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह इस पूरे घोटाले में महत्वपूर्ण कड़ी माने जा रहे हैं। EOW ने इससे पहले वर्ष 2024 में इस मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया था। इसके बाद 2024 और 2025 के दौरान इस मामले में करीब 20 लोगों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई की जा चुकी है।
आगे भी बढ़ सकती है जांच
जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरक चालान में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। EOW अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे घोटाले में और किन लोगों की भूमिका रही है। कोयला घोटाला छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित मामलों में से एक बन चुका है और इसमें लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।



