Blog

ब्रेकिंग : डिस्को नाइट क्लबों में पुलिस का छापामार अभियान, लंबे जाम से परेशान हुए राहगीर, नाबालिग सड़क पर हुड़दंग मचाते दिखे, छुटभैए नेता भी सपड़ाए

बिगुल

रायपुर. राजधानी के वीआईरोड पर स्थित डिस्को नाइट क्लबों में आज पुलिस ने छापामार कार्यवाही की जिससे भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गईं। इस दौरान क्लब संचालकों पर तयसमय से ज्यादा क्लब चालू रखने, अवैध पार्किंग, यातायात जाम होने तथा नाबालिगों को प्रवेश देने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने फिलहाल सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तेलीबांध के टीआई श्री झा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने छापामार शैली में क्लबों  की घेराबंदी की तथा तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। इनमें कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े छुटभैए नेता भी देखे गए। सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया हालांकि कुछ लोग पुलिस पर फब्तियां कसते देखे गए। इसका मतलब है कि पुलिस की वर्दी का डर खत्म हो गया है।

दरअसल कल शनिवार होने के कारण वीआईरोड पर स्थित डिस्को नाइट क्लब देर रात तक चलते रहे जबकि नियमत: 12 बजे बंद हो जाना चाहिए। नियमों की धज्जियां उड़ाकर रसूखदार युवक युवतियां शराब के नशे में क्लब पहुंचते रहे और उन्हें प्रवेश दिया जाता रहा। नाबालिगों को भी प्रवेश देने का आरोप क्लबों पर लगा। बेतरतीब ढंग से खड़े चार पहिया वाहनों के चलते लंबा जाम सा लग गया।

इसी से परेशान होकर कुछ नागरिकों ने पुलिस को फोन किया जिसके बाद तेलीबांधा पुलिस की एक टीम टीआई झा के नेतृत्व में डिस्को नाइट क्लबों में पहुंची तथा ओटीआर क्लब, जूक क्लब और हायपर क्लब में छापा मारा। इस दौरान गाड़ियों का जाम लगने से आम नागरिकों को काफी परेशानियां हुईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक क्लबों में तय मानक से ज्यादा डीजे बजाया जा रहा था और देर रात तक ग्राहकों को प्रवेश दिया जा रहा था जिनमें नाबालिग युवक—युवतियां भी शामिल थे। वे सड़कों पर हुड़दंग मचाते तथा नशे में झूमते पाए गए जिन्हें पुलिस ने कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इससे राहगीरों को परेशानी हुई तथा वाहनों का जाम भी लगा। शनिवार होने के कारण वैसे भी यह इलाका काफी संवेदनशील हो जाता है लेकिन राम मंदिर के पास एवं तेलीबांधा थाने के पास पुलिस का यातायात चेकिंग अभियान दिखाई नही दिया। इसके पीछे टीम और गाड़ियों की कमी का मसला सामने आया है। ऐसी ही स्थिति रविवार को भी देर रात तक बनी रहती है जिससे अपराध घटित होने की आशंका बलवती रहती है।

पुलिस उपायुक्त सिविल लाइंस रमाकांत साहू ने चेकिंग अभियान की पुष्टि करते हुए कहा कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। वे क्लब संचालकों की एक मीटिंग भी बुलाने जा रहे हैं साथ ही गाड़ियों का चेकिंग अभियान भी चलता रहेगा।

चिंतनीय यह है कि राजधानी में जिस तरह अपराध बढ़ रहे हैं, उन्हें रोकने के लिए पुलिस को बेहद सतर्क और गंभीर रहना होगा। वर्दी का भय भी जरूरी है। आम नागरिक को भी जागरूक रहने की जरूरत है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button