रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर ने उठाया खौफनाक कदम, फंदे पर लटकी मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

बिगुल
न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित चटर्जी गली में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक सीताराम गुप्ता अपने घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन वे अलग-अलग कमरों में थे। कमरे में पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए।
प्रारंभिक जांच में मौके से किसी तरह का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। वे सरकंडा पुलिस विभाग से निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे वे अपने कमरे में गए थे। कुछ समय बाद जब परिजन उन्हें देखने पहुंचे तो वे फांसी के फंदे पर लटके मिले। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


