Blog

जमीन विवाद को लेकर चले लाठी-डंडे, युवक की हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

बिगुल
गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों से की गई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में गौरेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।

पीड़ित दुर्गेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता खूबचंद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच ग्राम नेवसा स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कल जब वह अपने पिता के साथ लिखनटोला स्थित खेत में खेती का कार्य करने गया था। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने खूबचंद यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना गौरेला में मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना प्रभारी गौरेला एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल अधिकारी डॉ. त्रिपाठी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून लगी मिट्टी एवं अन्य साक्ष्य भी जब्त किए।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडों को अपने घरों में छिपाकर रखना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चारों लाठी-डंडे बरामद कर जब्त कर लिए।

गिरफ्तार आरोपियों में रामलाल यादव (37), बिसाहू यादव (60), बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव (60) और मुकेश यादव (20) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम नेवसा के लिखनटोला के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button