बलरामपुर में ज्वेलर्स चोरी का बड़ा खुलासा: बिहार से अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिगुल
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर के अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीक की मदद से चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए बिहार के रोहतास जिले से अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की रात अरविंद ज्वेलर्स बंद कर संचालक घर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब 20 किलो चांदी के जेवर, 50 ग्राम सोने के आभूषण, 10 किलो गिल्ट और 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। आरोपियों की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे 15 अगस्त को पिकअप और बाइक से वाड्रफनगर पहुंचे थे। इसके बाद करीब दो दिन तक इलाके की रेकी की और मौका मिलते ही सब्बल से दुकान का शटर तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में चोरी का माल दिनारा निवासी सुनार सुनील कुमार सोनी को बेचने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसके घर दबिश देकर चोरी की चांदी गलाकर तैयार की गई 14.175 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद कीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप, मोटरसाइकिल, सब्बल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में बसंतपुर थाना, चलगली थाना और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।


