छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित, कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया आदेश, जानें वजह

बिगुल
छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, 13 दिसंबर को होने वाली वनरक्षक भर्ती की द्वितीय चरण की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है ( CG Forest Guard Recruitment Exam Postponed)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने के संबंध में आदेश जारी किया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की ओर से भेजे गए पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है। इसके तहत 13 दिसंबर को प्रस्तावित लिखित परीक्षा अब निर्धारित तारीख पर नहीं होगी।
अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख के लिए करना होगा इंतजार
वहीं। कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा की नई तारीख की घोषणा नहीं की है और ना ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को लेकर भी कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। अभ्यर्थियों को अब मंडल की अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार है। परीक्षा स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार है। कर्मचारी चयन मंडल की ओर से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।
1484 पदों के लिए पर होनी है भर्ती
छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के 1,484 पदों पर भर्ती के लिए यह प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा पास करने वाले 16,762 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना था। इस तरह एक पद के लिए औसतन 11 से अधिक अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होना था। भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले शारीरिक मापजोख और दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने द्वितीय चरण की लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था। परीक्षा 13 दिसंबर को रायपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होनी थी। हालांकि, अब प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख के पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है। फिलहाल नई तारीख घोषित नहीं की गई है।



