मनोरंजनराजनीति

अंबिकापुर में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष से मारपीट, पत्नी से भी हाथापाई का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

बिगुल
सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा में शनिवार रात कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर सिद्धू के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस नेता ने एक भाजपा नेता पर हमला करवाने का आरोप लगाया है, जबकि संबंधित भाजपा नेता ने आरोपों को खारिज किया है।

जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह सिद्धू शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे कार से अपने घर पहुंचे थे। वह वाहन को पोर्च में खड़ा करने के लिए मोड़ रहे थे। इसी दौरान साहिल साहू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर उनकी कार के सामने अपना वाहन खड़ा कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि साहिल साहू ने घटना की जानकारी अपने पिता सुनील साहू को दी। कुछ देर बाद सुनील साहू, संजीव चटर्जी सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद सड़क पर ही गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। शोर सुनकर उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर सिद्धू भी मौके पर पहुंचीं और पति को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी हाथापाई की गई।

भाजपा नेता पर हमला करवाने का आरोप
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया कि उनके साथ हुई मारपीट के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू की भूमिका है। उनका कहना है कि आरोपियों ने घर में घुसकर भी विवाद किया और उनके साथ मारपीट की। उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर ने भी आरोप लगाया कि पहले आरोपी घर के भीतर पहुंचे और विवाद किया, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।

वहीं, भाजपा नेता प्रकाश साहू ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना के समय वह अपने घर पर थे। उन्होंने कहा कि गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ उनका पुराना विवाद है और इसी कारण इस घटना में उनका नाम बेवजह जोड़ा जा रहा है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ मणिपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के नाम और दर्ज धाराओं की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

मारपीट में घायल गुरप्रीत सिंह सिद्धू को देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार किया गया। लगातार चक्कर आने और सिर में गंभीर चोट की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button