Blog

गणेश विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी पर हमला, छह युवक हिरासत में

बिगुल
अंबिकापुर जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता मांगने पर उपद्रवी युवकों ने दरिमा थाना प्रभारी व प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक पर जानलेवा हमला कर मारपीट कर दी। उपद्रवियों ने अधिकारी की निजी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और वाहन के शीशे फोड़ दिए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मणिपुर थाना पुलिस ने स्थिति को काबू में लिया और छह युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

साइड मांगने पर भड़के उपद्रवी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) निशांत कुर्रे रात करीब 10:00 बजे क्षेत्र का भ्रमण कर दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे। अंबिकापुर मार्ग पर कंठी और जगदीशपुर के बीच डीजे के साथ गणेश विसर्जन की झांकी और जुलूस निकल रहा था। रास्ता ब्लॉक होने के कारण मार्ग पूरी तरह बाधित था। जब प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक ने अपनी कार के लिए साइड मांगी और विसर्जन में शामिल युवकों को समझाने की कोशिश की, तो डीजे पर नाच रहे करीब एक दर्जन उपद्रवी युवक अचानक भड़क गए। युवकों ने अधिकारी से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे।

कार में तोड़फोड़ और आरोपियों की धरपकड़
उपद्रवियों ने गाली-गलौज करते हुए अधिकारी की निजी कार पर हमला कर दिया। कार के शीशे फोड़कर वाहन को काफी नुकसान पहुंचाया गया। प्रशिक्षु डीएसपी ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बिगड़ते माहौल को शांत कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से छह युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि कई अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। अंबिकापुर एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button