Blog

धान कटाई-मिंजाई के दौरान आंखों की रोशनी गंवा रहे किसान, जिले में 49 लोग हुए दृष्टिहीन; 2 की निकालनी पड़ी आंख

बिगुल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इन दिनों धान कटाई और मिंजाई का काम जोरों पर है। खेतों में किसान और मजदूर फसल समेटने में जुटे हैं, लेकिन इस दौरान आंखों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही गंभीर परिणाम दे रही है। धान की बालियां, पत्तियां और सूखे तिनके आंखों में लगने से संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्थिति यह है कि जिला अस्पताल में रोजाना तीन से चार मरीज आंखों में चोट और संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं.

चिंताजनक बात यह है कि इस साल अब तक जिले में 49 लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। इनमें 14 मरीजों की दोनों आंखों की दृष्टि प्रभावित हुई है, जबकि 35 लोगों की एक आंख की रोशनी चली गई। संक्रमण इतना गंभीर हो गया कि दो मरीजों की एक-एक आंख निकालनी पड़ी। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े किसानों और खेतिहर मजदूरों के लिए गंभीर चेतावनी हैं।

कुरुद और नगरी में सबसे ज्यादा मामले
आंखों की रोशनी जाने के मामलों में जिले के कुरुद और नगरी विकासखंड सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, कुरुद में 10 लोगों की दोनों आंखों की दृष्टि चली गई, जबकि 13 मरीजों की एक आंख प्रभावित हुई है।

वहीं नगरी में 17 लोगों को एक आंख से दिखाई देना बंद हो गया है। मगरलोड में भी दो मरीजों की दोनों आंखों और तीन की एक आंख की दृष्टि प्रभावित हुई है। धमतरी क्षेत्र में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं।

आंख में तिनका लगने पर न करें ये गलती, डॉक्टर ने दी चेतावनी
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सूर्यवंशी के अनुसार, धान की बाली या पत्ते का हिस्सा आंख में जाने पर उसे रगड़ना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसा करने से आंख की पारदर्शी परत यानी कॉर्निया पर खरोंच या घाव बन सकता है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

डॉक्टर ने बताया कि बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरॉयड वाले आई ड्रॉप का इस्तेमाल करना भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर आंख की रोशनी जाने और गंभीर मामलों में आंख निकालने तक की स्थिति बन सकती है।

धान कटाई और मिंजाई के दौरान ऐसे करें आंखों की सुरक्षा
किसानों और खेतिहर मजदूरों को खेतों में काम करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।

कटाई और मिंजाई के दौरान सुरक्षा चश्मे का इस्तेमाल करें।

आंख में धान का तिनका या बाली जाने पर उसे बिल्कुल न रगड़ें।

आंख में धूल या हल्का कण जाने पर साफ पानी से धीरे-धीरे धोएं।

बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी तरह का आई ड्रॉप इस्तेमाल न करें।

आंख में चोट, दर्द, लालिमा या धुंधला दिखाई देने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें।

थोड़ी सी सावधानी बचा सकती है आंखों की रोशनी
धान की कटाई और मिंजाई के व्यस्त मौसम में किसान अक्सर छोटी चोटों को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन आंखों के मामले में ऐसी लापरवाही भारी पड़ सकती है। आंख में तिनका लगने के बाद घरेलू उपचार करने या खुद से दवा डालने के बजाय समय पर डॉक्टर को दिखाना जरूरी है। खेतों में काम करते समय सुरक्षा चश्मा पहनने की आदत अपनाकर आंखों की रोशनी को गंभीर नुकसान से बचाया जा सकता है।मौसम का हाल देखें

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button