Blog

बिस्तर के पास बैठा था सांप, महिला की चीख से मचा हड़कंप; सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

बिगुल
आधी रात जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब मानिकपुर क्षेत्र में इंसानियत और वन्यजीव प्रेम की मिसाल देखने को मिली। रात करीब 3:30 बजे मानिकपुर बस्ती के एक घर में सांप घुस गया। सांप बिस्तर के एक किनारे पर बैठा हुआ था। घर की महिला की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वह चीखने लगी। परिजनों को आशंका हुई कि सांप ने महिला को डस लिया है। इसके बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।

मामले की सूचना पुलिस विभाग में पदस्थ सिपाही हितेश राव को दी गई। उन्होंने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख और सर्प मित्र जितेंद्र सारथी को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामने वाले घर में सांप घुस आया है और महिला को सांप के काटने की आशंका है।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने फोन पर ही महिला को एहतियात के तौर पर तत्काल जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके कुछ ही मिनट बाद वे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान सांप की पहचान कॉमन वुल्फ स्नेक (Common Wolf Snake) के रूप में हुई। जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह सांप देखने में करैत जैसा लगता है, जिसके कारण लोग अक्सर इसे जहरीला समझ लेते हैं और मार देते हैं। जबकि यह बिना जहर वाला सांप है और इंसानों के लिए हानिरहित होता है।

रेस्क्यू के बाद भी जितेंद्र सारथी ने सावधानी बरतते हुए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर महिला और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक से मुलाकात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पकड़ा गया सांप जहरीला नहीं था। यह जानकारी मिलने के बाद महिला और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। चिकित्सकों ने भी महिला की स्थिति सामान्य बताई।

इस पूरे मामले में सिपाही हितेश राव की भूमिका की भी सराहना की जा रही है। जितेंद्र सारथी ने कहा कि हितेश राव ने पुलिसकर्मी के साथ-साथ एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाई। इससे वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button