धनतेरस पर छत्तीसगढ़ में बरसा धन, एक दिन में 7 हजार करोड़ से ज्यादा की खरीदारी

बिगुल
धनतेरस के मौके पर छत्तीसगढ़ के बाजारों में इस बार जमकर रौनक देखने को मिली। राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के छोटे-बड़े शहरों तक सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, बर्तन और कपड़ों से लेकर मिठाई व गिफ्ट आइटम तक की दुकानों पर ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। कारोबारियों के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, धनतेरस के एक ही दिन में प्रदेश में 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ।
सोना-चांदी की खरीदारी में 2500 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर सबसे ज्यादा चमक सराफा बाजार में देखने को मिली। सोने और चांदी की कीमतें ऊंची होने के बावजूद लोगों ने अपनी आर्थिक क्षमता के मुताबिक खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार, पूरे छत्तीसगढ़ में सोने-चांदी का कारोबार 2500 करोड़ रुपये से अधिक रहा। इसमें अकेले रायपुर में करीब 1000 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है।
सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी के मुताबिक, इस बार सोने के मुकाबले चांदी के सिक्कों की मांग अधिक रही। अष्टलक्ष्मी लोटा, श्रीयंत्र, कुबेर यंत्र, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और चांदी के कछुए भी खूब बिके। कारोबारी हरख मालू ने बताया कि कीमतें ज्यादा होने के कारण ग्राहकों ने अपने बजट के हिसाब से सोना-चांदी खरीदा। कई लोगों ने पहले की तुलना में कम मात्रा में आभूषण खरीदे।



