बिलासपुर सिम्स का बड़ा कारनामा: शरीर को चीरकर आर-पार हुआ 4 फीट लंबा सरिया, डॉक्टरों ने बचाई जान

बिगुल
जिले के दीपका स्थित कॉलोनी में दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य के दौरान संतुलन बिगड़ने से मिस्त्री मुकेश कुमार अचानक नीचे गिर गया और पहली मंजिल पर स्थित लोहे के सरिये में बुरी तरह फंस गया।
लगभग चार फीट लंबा लोहे का सरिया मुकेश के शरीर में घुसकर आंतों के बीच से गुजरते हुए उसके पेट और छाती को चीरकर आर-पार निकल गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। सिम्स के शल्य चिकित्सकों की टीम ने अत्यंत जटिल और जोखिम भरा ऑपरेशन कर मरीज के शरीर से सरिया सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली।
परिजनों ने काटकर निकाला सरिया
कार्य के दौरान 23 वर्षीय मिस्त्री मुकेश कुमार दूसरी मंजिल से अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा था। पहली मंजिल पर निकले तीखे सरिये पर गिरने के कारण सरिया उसकी आंतों के मध्य से होता हुआ पेट और छाती को फाड़कर दूसरी तरफ निकल गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद सरिये को काटकर युवक को बाहर निकाला। परिजन घायल मुकेश को दीपका के स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। सिम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने मरीज की नाजुक स्थिति को देखा और तुरंत शल्य चिकित्सा का निर्णय लिया। जांच में सामने आया कि सरिया शरीर के आर-पार निकल चुका था। यह स्थिति बेहद संवेदनशील थी और थोड़ी सी लापरवाही भी मरीज के लिए घातक सिद्ध हो सकती थी।



