Blog

20 वर्षीय क्रिकेटर जितेंद्र दीप ने मौत के बाद भी पेश की मिसाल, दो मरीजों को दी नई जिंदगी

बिगुल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के युवा क्रिकेटर जितेंद्र दीप ने दुनिया से विदा होने के बाद भी मानवता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। महज 20 साल की उम्र में सड़क हादसे का शिकार हुए जितेंद्र ने अपनी मौत के बाद दो लोगों को नई जिंदगी देने का जरिया बनकर मिसाल कायम की। ब्रेनडेड घोषित किए जाने के बाद परिजनों ने उनके दोनों गुर्दे (किडनी) दान करने का फैसला लिया। इसके बाद दोनों किडनी का सफल प्रत्यारोपण किया गया। अब उनकी किडनी से बसना और धमतरी के दो मरीजों को नया जीवन मिला है।

परिवार ने लिया अंगदान का फैसला
रायपुर के अर्जुन नगर निवासी जितेंद्र दीप एक प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे। दिवाली के अगले दिन गौरी-गौरा पूजा के बाद वह घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पहले डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल रेफर किया गया।

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार 14 नवंबर को चिकित्सकों ने उन्हें ब्रेनडेड घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हालांकि, इस कठिन घड़ी में परिजनों ने बड़ा फैसला लेते हुए जितेंद्र के अंगदान की सहमति दी, ताकि उनकी वजह से दूसरे लोगों को जीवन जीने का अवसर मिल सके।

एक ही दिन में दोनों किडनी का सफल ट्रांसप्लांट
परिजनों की सहमति के बाद राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) की निर्धारित आवंटन प्रक्रिया के तहत जितेंद्र की दोनों किडनी एम्स रायपुर को आवंटित की गईं। इसके बाद एक ही दिन में दोनों गुर्दों का सफल प्रत्यारोपण किया गया।

इस पूरी प्रक्रिया में रामकृष्ण केयर अस्पताल और एम्स रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं ट्रांसप्लांट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रामकृष्ण केयर अस्पताल की ओर से डॉ. संदीप दवे, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. एसएन मंधारिया, डॉ. राकेश अग्रवाल और प्रत्यारोपण समन्वयक उमाशंकर मिश्रा ने सेवाएं दीं।

वहीं, एम्स के यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित आर. शर्मा, डॉ. दीपक बिस्वाल, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. राघवेंद्र, डॉ. विनय राठौर, डॉ. सुब्रत सिंघा और डॉ. मयंक कुमार सहित ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर विसोक और अम्बे पटेल का भी अहम योगदान रहा। SOTTO की ओर से संयुक्त संचालक डॉ. वरुण अग्रवाल और राज्य समन्वयक गीतिका ब्रह्मभट्ट त्रिपाठी ने अंगदान की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

छत्तीसगढ़ का 16वां दानवीर बना जितेंद्र दीप
जितेंद्र दीप का अंगदान छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है। वह राज्य के 16वें अंगदानकर्ता यानी दानवीर बने हैं। उनके इस फैसले ने एक बार फिर साबित किया है कि अंगदान के जरिए किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी दूसरे लोगों की जिंदगी को बचाया जा सकता है।नक्शे देखें

जितेंद्र के भाई विक्की दीप ने बताया कि उनका भाई बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर था। पांच भाई-बहनों में वह सबसे आज्ञाकारी और मिलनसार बच्चों में से एक था। परिवार के लिए उसे खोना बेहद दुखद है, लेकिन उसके अंगों से दो लोगों को नया जीवन मिलने की बात उन्हें कुछ सुकून देती है।

बसना और धमतरी के दो मरीजों को मिला जीवनदान
जितेंद्र की किडनी से लाभान्वित होने वाले दोनों मरीज लंबे समय से गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे थे। इनमें पहला मरीज महासमुंद जिले के बसना का 46 वर्षीय व्यक्ति है, जो डायबिटिक किडनी डिजीज से पीड़ित था। वह पिछले तीन वर्षों से नियमित डायलिसिस करवा रहा था।

वहीं, दूसरी किडनी धमतरी के 39 वर्षीय मरीज में प्रत्यारोपित की गई। वह गुर्दे की बीमारी के अंतिम चरण से जूझ रहा था और करीब सात वर्षों से डायलिसिस के सहारे जीवन बिता रहा था। दोनों मरीजों के लिए यह प्रत्यारोपण किसी नए जीवन से कम नहीं है। एक युवा क्रिकेटर के अंगदान ने दो परिवारों को नई उम्मीद दी है।

परिवार को इस बात की रहेगी तसल्ली, जितेंद्र की यादें रहेंगी जिंदा
जितेंद्र के भाई विक्की दीप ने भावुक होते हुए कहा कि परिवार को इस बात का हमेशा सुकून रहेगा कि जितेंद्र के जाने के बाद भी उसके अंगों से दो जरूरतमंद लोगों को जीवन मिल सका। उनकी यादें अब उन दोनों मरीजों के जीवन के साथ हमेशा जुड़ी रहेंगी।

जितेंद्र भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका यह नेक कार्य मानवता और अंगदान के महत्व का संदेश देता रहेगा। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, मगर दो लोगों को मिली नई जिंदगी उनके जीवन की एक ऐसी विरासत है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button