Blog

CM विष्णुदेव साय का जशपुर-बिलासपुर दौरा, BJP महिला मोर्चा की बैठक और कांग्रेस प्रभारी का दौरा आज

बिगुल

छत्तीसगढ़ में आज यानी 16 नवंबर को राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आएंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। वहीं राजधानी रायपुर में भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू होगी। दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे। इसके अलावा चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर और बिलासपुर दौरे पर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर और बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के साथ कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री साय सबसे पहले जशपुर जिले के कुनकुरी में आयोजित छठ महापर्व कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।बिलासपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और राष्ट्रीय संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही सेंदरी में धान उपार्जन केंद्र और निर्माणाधीन सीबीसी प्लांट का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुराना बस स्टैंड में तैयार मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज से

राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज 16 नवंबर से शुरू होने जा रही है। यह बैठक जैमन मानस भवन में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी शामिल होकर महिला पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीतियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को प्रदेशभर में प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं 17 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक का समापन होगा।नक्शे देखें

प्रभारी सुखदेव भगत का आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत आज से तीन दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा 16 से 18 नवंबर तक निर्धारित है। इस दौरान वे सरगुजा संभाग में पहुंचकर कोयला खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। दौरे के दौरान सुखदेव भगत परसा, केते बासन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित परिवारों के साथ संवाद करेंगे। कांग्रेस की ओर से इस प्रवास में आदिवासी समुदाय के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर जन-चौपाल आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने की तैयारी है। इस दौरे में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस प्रवास के जरिए कांग्रेस सरगुजा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने के साथ स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाएगी।

छत्तीसगढ़ सहित देशभर में आस्था और श्रद्धा का महापर्व छठ आज 16 नवंबर को संपन्न होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के अंतिम दिन व्रती सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का समापन होगा और व्रती पारण कर अपना व्रत खोलेंगे। राजधानी रायपुर में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। महादेव घाट, व्यास तालाब सहित शहर के 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन किए गए हैं। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। इससे पहले रविवार शाम को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की थी। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व की सभी प्रमुख धार्मिक परंपराएं पूरी होंगी। छठ पर्व के अंतिम दिन घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना के बीच भक्तिमय माहौल बना हुआ है।नक्शे देखें

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button