Blog

स्कूल के नाम पर कचरा सेंटर! 3 साल से इसी में पढ़ रहे आदिवासी बच्चे, 6 प्रस्ताव के बाद भी नहीं बना भवन

बिगुल

एक तरफ सरकार सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल भवन तक नसीब नहीं हो रहा है। बोड़ला विकासखंड के ग्राम मोतिमपुर में पिछले तीन साल से सरकारी स्कूल कचरा सेंटर में संचालित हो रहा है। वर्ष 1997 में बना पुराना स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अनुपयोगी हो चुका है। स्कूल प्रबंधन पांच से छह बार नए भवन का प्रस्ताव भेज चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। हालात ऐसे हैं कि 17 बच्चों के नामांकन वाले स्कूल में रोजाना सिर्फ 2 से 4 बच्चे ही पहुंच रहे हैं। अब सवाल उठता है कि जब बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल ही नहीं मिल रहा, तो शिक्षा सुधार के दावे किस काम के?

स्कूल भवन की जगह कचरा सेंटर में चल रही बच्चों की पाठशाला
कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम मोतिमपुर की तस्वीर सरकारी शिक्षा व्यवस्था की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करती है। यहां बच्चों के लिए बना सरकारी स्कूल अब अपनी जर्जर हालत के कारण पढ़ाई के योग्य नहीं रह गया है।

साल 1997 में तैयार हुआ स्कूल भवन समय के साथ इतना खराब हो गया कि वहां बच्चों को बैठाना सुरक्षित नहीं माना गया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने खाली पड़े कचरा सेंटर में कक्षाएं शुरू कर दीं।

शुरुआत में इसे वैकल्पिक व्यवस्था माना गया होगा, लेकिन देखते ही देखते तीन साल गुजर गए। इस दौरान बच्चे इसी जगह बैठकर पढ़ाई करते रहे। स्थायी भवन की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी।

विडंबना देखिए, बच्चों के लिए शिक्षा का अधिकार तो है, लेकिन उन्हें पढ़ने के लिए एक सुरक्षित स्कूल भवन उपलब्ध कराने की व्यवस्था अब भी अधूरी है।

छह बार भेजा गया प्रस्ताव, फिर भी फाइलों से बाहर नहीं निकला स्कूल भवन
मोतिमपुर स्कूल की समस्या प्रशासन के लिए नई नहीं है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, नए भवन के निर्माण के लिए पांच से छह बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।

इसके बावजूद निर्माण कार्य को लेकर अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। न पुराने भवन की ऐसी मरम्मत हुई कि वहां कक्षाएं दोबारा लग सकें और न ही नए भवन का निर्माण शुरू हो पाया।

यहां सवाल केवल बजट या प्रस्ताव का नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्राथमिकता का भी है। जब स्कूल की जर्जर हालत और बच्चों की परेशानी की जानकारी लगातार दी जा रही है, तो समाधान में इतनी देरी क्यों हो रही है?

क्या बच्चों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित भवन उपलब्ध कराना इतना मुश्किल काम है कि तीन साल बाद भी व्यवस्था कचरा सेंटर से आगे नहीं बढ़ सकी?

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button