Blog

क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 पर उठे सवाल, वोटिंग में धांधली के आरोपों से घिरी सरकार; भूपेश बघेल ने भी साधा निशाना

बिगुूल
राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह के समाप्त होते ही सोशल मीडिया और प्रदेश की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग और MyGov CG द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जहां एक ओर प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर पुरस्कार वितरण के बाद कई इन्फ्लुएंसर्स ने चयन प्रक्रिया और ऑनलाइन वोटिंग पर गंभीर सवाल उठाते हुए जमकर नाराजगी जाहिर की है।

वोटिंग और चयन प्रक्रिया पर क्रिएटर्स के गंभीर आरोप

25 नवंबर की रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई क्रिएटर्स के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। नाराज क्रिएटर्स का आरोप है कि आधिकारिक पोर्टल के जरिए हुई ऑनलाइन पब्लिक वोटिंग में भारी संख्या में वोट मिलने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया और कम वोट पाने वालों को विजेता घोषित कर दिया गया।कैलेंडर देखें

विवाद उस समय और बढ़ गया जब एक महिला क्रिएटर का भावुक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि वे पुरस्कार राशि का उपयोग बच्चों और बेजुबान जानवरों के शेल्टर के लिए करना चाहती थीं, लेकिन पब्लिक सपोर्ट के बावजूद उनका नाम लिस्ट से गायब कर दिया गया। इसके अलावा, बस्तर और दूरदराज के जिलों से आए कुछ क्रिएटर्स ने भी उपेक्षा, अव्यवस्था और विरोध स्वरूप सर्टिफिकेट फाड़ने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए पारदर्शिता की मांग की है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने साधा निशाना, गरमाई राजनीति

क्रिएटर्स के इस विरोध ने अब राजनीतिक रूप भी ले लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार और आयोजकों पर निशाना साधा है। उन्होंने अवॉर्ड की वोटिंग और विजेताओं के चयन में ‘सेटिंग’ और धांधली के आरोप लगाते हुए पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। विपक्ष के इस हमले के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया से निकलकर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
आयोजकों के आधिकारिक जवाब का इंतजार

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहली बार राज्य स्तर पर इस भव्य समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए थे। हालांकि, समारोह के बाद उठे इस विवाद और क्रिएटर्स के आरोपों पर जनसंपर्क विभाग या आयोजकों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button