अरसे बाद खुले जनसंवाद के द्वार, CM साय ने जरूरतमंदों के जीवन में जगाई नई उम्मीद

बिगुल
लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री निवास में आयोजित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन इस बार केवल जनसमस्याओं की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में राहत, विश्वास और नई उम्मीद लेकर आया। प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से अपनी परेशानियों और उम्मीदों के साथ पहुंचे नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री निवास का खुला दरवाजा एक नए भरोसे का प्रतीक बना। किसी बुजुर्ग के जीवन में तीन दशकों बाद स्पष्ट आवाज सुनने की खुशी लौटी, किसी मां को अपने मासूम के बेहतर उपचार की उम्मीद मिली, तो किसी पिता को अपने बच्चे के पैरों पर खड़े होने का विश्वास मिला। आर्थिक विपन्नता के बीच शिक्षा जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही बेटी को सहयोग का आश्वासन मिला, वहीं खेल प्रतिभाओं के सपनों को आगे बढ़ाने की पहल भी हुई।
जनसंवाद के सिलसिले को नई गति देते हुए इस जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक और आर्थिक कठिनाइयों को समझा। समस्याओं को सुनने के साथ ही मौके पर श्रवण यंत्र, चश्मा और चिकित्सा सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, जबकि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के उपचार के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए गए। जनदर्शन की इन तस्वीरों ने यह संदेश दिया कि शासन की सार्थकता केवल बड़ी विकास योजनाओं और उपलब्धियों में ही नहीं, बल्कि उस अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में भी है, जिसकी उम्मीदें व्यवस्था से जुड़ी होती हैं। लंबे इंतजार के बाद हुए इस जनदर्शन में प्रशासनिक तत्परता के साथ मानवीय संवेदनाओं का समन्वय देखने को मिला, जहां अनेक फरियादी अपनी परेशानियों के बीच राहत और बेहतर कल की उम्मीद लेकर लौटे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा की कई तस्वीरें देखने को मिलीं। किसी बुजुर्ग को तीन दशक बाद साफ आवाज सुनने की खुशी मिली, तो किसी मां को अपने मासूम बच्चे के बेहतर इलाज की उम्मीद जगी। आर्थिक परेशानियों के बीच पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही बेटी को सहयोग का भरोसा मिला, वहीं खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रही बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला। मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों, शिक्षा और खेल से जुड़े आवेदनों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके कारण उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग की समस्या को आत्मीयता से सुनते हुए कहा, ‘बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।’ मुख्यमंत्री ने तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने आंखों की कमजोरी के बारे में भी जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रवण यंत्र लगाते ही परसराम राठौर को स्पष्ट आवाजें सुनाई देने लगीं। लंबे समय बाद साफ आवाज सुनकर अभिभूत हुए बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘अब मुझे सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद इतनी साफ आवाज सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी बहुत बड़ी समस्या दूर कर दी।’ उनके पुत्र सोमनाथ राठौर ने भी तत्काल सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।



