सीएम मोहन यादव ने कहा- केजरीवाल पर पद का मद चढ़ रहा, दिग्विजय बोले-पीएम मोदी की गारंटी हफ्ता वसूली

बिगुल
भोपाल. कांग्रेस के खाते फ्रीज होने और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केजरीवाल के जेल से सरकार चलाने पर कहा कि अरविंद केजरीवाल को पद का मद है। मुख्यमंत्री के रूप में जेल जाना बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है, आज तक कभी ऐसा समय नहीं आया है। सीएम यादव ने कहा कि अपने देश का इतिहास है कि जब किसी पर कोई आरोप लगता है तो वो सबसे पहले अपना इस्तीफा देता है। जब तक आरोप से बरी न हो जाए, तब तक वो अपना दायित्व नहीं लेता।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक्स कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा- भारतीय राजनीति में विपक्षी दलों की एकता की इस समय जितनी आवश्यकता है, उतनी जरूरत पिछले 75 साल में शायद ही पहले कभी रही हो।
वर्तमान सत्ताधारी दल के इरादे एकदम स्पष्ट हैं, आम चुनाव से पहले वह विपक्ष से लड़ना नहीं, बल्कि विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त कर देना चाहता है। राजनैतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराना, धमकाना, तोड़ना, गिरफ्तार करना और जेल भेजना इसी कुचक्र का हिस्सा हैं।
यह जो दमन चक्र चलाया जा रहा है, उसका सिर्फ एक मकसद है कि भारत की आजादी के बाद जो सत्ता जनता के हाथों में दी गई थी, उसे जनता के हाथ से छीन कर तानाशाही के हाथ में दे देना। इसलिए भारत के जागरूक नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता से निभानी है। मौकापरस्तों को पहचानना है और जनता की सेवा करने वालों के साथ खड़े रहना है। हम सब मिलकर अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और इसे मजबूत बनाएंगे।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। पूर्व सीएम ने कहा कि देश में लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है। देश में अघोषित आपातकाल है। कांग्रेस के अकाउंट फ्रीज किए गए ताकि कांग्रेस चुनाव न लड़ पाए। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी की गारंटी हफ्ता वसूली है। चंदा दो धंधा लो