खंडवा में अतिवृष्टि से बिगड़े हालात, कई क्षेत्रों में बिजली गुल, घरों में घुसा पानी

बिगुल
खंडवा :- अतिवृष्टि से शहर में हालत बिगड़ रहे हैं। आबना नदी उफान पर आने से पंधाना स्थित पुल तक पानी पहुंच गया है। इधर शहर के नाले ओवरफ्लो होने से हालत बेकाबू होने लगे हैं। वत्सला विहार कॉलोनी में घरों में पानी घुस गया। यहां कॉलोनी के दिलीप पटेल, महेश शर्मा, सुदेश पाल सहित आठ से दस घरों में पानी गया है। ये परिवार घर छोड़कर चले गए है। कॉलोनी के पास ही स्थित होली स्प्रिट स्कूल में भी पानी भर गया।
कॉलोनी के अर्जुन चौहान ने बताया कि लगातार वर्षा से स्थिति बिगड़ रही है। पार्षद प्रतिनिधि राम सिंह रावत ने कहा कि मैं मौके पर हूं। लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की आवश्यकता है। कलेक्टर अनूप कुमार सिंह से संपर्क किया है। इधर नगर निगम के उपायुक्त सचिन सिटोले का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, हमने क्षेत्र का निरीक्षण किया है। इधर कुम्हार बेड़ा क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर पेड़ गुरने से आवागमन बाधित हो गया। शहर के कई इलाकों में वर्षा के कारण बिजली गुल है।