आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी बोले- आवास और अधोसंरचना से साबित होगा मिल का पत्थर, विकास का इंजन बनेगा हाउसिंग बोर्ड

बिगुल
छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड छत्तीसगढ़ के विकास का मुख्य इंजन बनेगा। यह आवास और अधोसंरचना के क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगा। ये बातें आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने आज नवा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला में कहीं।
छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड छत्तीसगढ़ के विकास का मुख्य इंजन बनेगा। यह आवास और अधोसंरचना के क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगा। ये बातें आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने आज नवा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला में कहीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल आने वाले वर्षों में प्रदेश के आर्थिक और अधोसंरचनात्मक विकास का प्रमुख इंजन बनेगा। हाउसिंग बोर्ड को केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि सड़क, पुल, खेल अधोसंरचना, सार्वजनिक भवनों, टाउन प्लानिंग और शहरी पुनर्विकास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भी इसकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए मंडल को परंपरागत कार्यप्रणाली से आगे बढ़कर नवाचार, आधुनिक तकनीक, वित्तीय प्रबंधन और परिणामोन्मुखी कार्यसंस्कृति अपनानी होगी।
मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को आर्थिक रूप से सुदृढ़, आत्मनिर्भर और बहुआयामी अधोसंरचना विकास संस्था के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मंडल की वित्तीय स्थिति में सुधार, रिक्त संपत्तियों के विक्रय, नई परियोजनाओं के चयन और कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
करीब 700 करोड़ रुपये की ऋण देनदारी खत्म
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व हाउसिंग बोर्ड गंभीर वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहा था। बड़ी ऋण देनदारी, सीमित परियोजनाओं और लंबे समय से रिक्त पड़ी संपत्तियों के कारण संस्था की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड बजट आधारित संस्था नहीं है। उसे अपनी परियोजनाओं, सेवाओं और संसाधनों के माध्यम से आय अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना होगा।



