झीरम घाटी कांड: 10 दोषियों को सजा की उम्मीद, कांग्रेस बोली- घटना की पूरी सच्चाई सामने आना बाकी

बिगुल
झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में न्यायालय के फैसले के बाद जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने जिला प्रेस क्लब भवन में प्रेस वार्ता की। कांग्रेस नेताओं ने न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए 10 आरोपियों को दोषी ठहराए जाने को न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। हालांकि, पार्टी ने कहा कि झीरम घाटी की घटना से जुड़े कई अहम सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने लाने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानु ने कहा कि 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुआ नक्सली हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में शामिल है। इस हमले में कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को खोया था। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद न्यायालय का फैसला सामने आने से न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है और दोषी पाए गए लोगों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
गजमती भानु ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का सवाल न्यायालय के फैसले को लेकर नहीं है, बल्कि उन पहलुओं को लेकर है, जिनके जवाब अभी तक पूरी तरह सामने नहीं आए हैं। कांग्रेस ने घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, तत्कालीन परिस्थितियों और कथित व्यापक साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व विधायक बोले- पूरी सच्चाई सामने आना जरूरी
मरवाही के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव ने कहा कि झीरम घाटी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति या किसी स्तर पर जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि 25 मई 2013 को इतनी बड़ी घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन-कौन से कारण जिम्मेदार थे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोषियों को सजा मिलना निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन घटना से जुड़े सभी सवालों के संतोषजनक जवाब सामने आना भी जरूरी है। पार्टी का कहना है कि झीरम घाटी में शहीद हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति सच्चा न्याय तभी माना जाएगा, जब पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आए और जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री मूलचंद कुशराम, जिला उपाध्यक्ष बेचूराम अहिरेश, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, सरपंच संघ अध्यक्ष लालचंद सोनवानी, राहुल भेना, सोशल मीडिया प्रभारी रियांश सोनी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने किया।



