वरिष्ठ भाजपा नेता को पार्टी ने किया 6 साल के लिए निष्कासित… लगा था गंभीर आरोप

बिगुल
भारतीय जनता पार्टी ने अपने वरिष्ठ स्थानीय नेता और जिला संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके दुर्गाशंकर मिश्र के खिलाफ बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई की है. पार्टी ने उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है. प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से जारी आदेश में उन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान करने, बैठकों और कार्यक्रमों को प्रभावित करने तथा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगाए गए हैं.
दुर्गाशंकर मिश्र लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और जनकपुर क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. ऐसे में छह वर्ष के निष्कासन की कार्रवाई को स्थानीय भाजपा के लिए अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है. पार्टी के आदेश में संगठनात्मक गतिविधियों में व्यवधान डालने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता को कार्रवाई का आधार बताया गया है. हालांकि, इन आरोपों पर अभी दुर्गाशंकर मिश्र का पक्ष सामने नहीं आया है. उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
स्थानीय राजनीति में बढ़ी हलचल
निष्कासन की खबर सामने आने के बाद जनकपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि इस कार्रवाई का स्थानीय भाजपा संगठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर क्या असर पड़ता है. यह कार्रवाई महज संगठनात्मक अनुशासन का मामला है या इसके पीछे स्थानीय स्तर पर लंबे समय से चल रही राजनीतिक खींचतान भी कोई वजह है, इसे लेकर भी चर्चा तेज है. आने वाले दिनों में दुर्गाशंकर मिश्र की प्रतिक्रिया और भाजपा संगठन की अगली रणनीति पर सभी की नजर रहेगी.



