साय सरकार का किसानों को बड़ी राहत: बारिश में धान नहीं बेच पाने वालों को मिलेगा दोबारा टोकन

बिगुल
बेमौसम बारिश के कारण जिन किसानों का धान निर्धारित तारीख पर उपार्जन केंद्र तक नहीं पहुंच पाया और खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें अब दोबारा टोकन लेने का मौका मिलेगा। ऐसे किसानों को टोकन निरस्त होने की स्थिति में धान बेचने के लिए फिर से अवसर दिया जाएगा, जिससे उन्हें फसल खपाने में परेशानी न हो।
‘तुहर टोकन’ ऐप या समिति से ले सकेंगे नया टोकन मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक, जो किसान तय तिथि पर उपार्जन केंद्र में धान नहीं ला पाए, उन्हें दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। यदि टोकन निरस्त हुआ है, फसल कटाई में देरी हुई है या कोई तकनीकी दिक्कत आई है, तो किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति अथवा जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। किसान ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप या संबंधित सहकारी समिति के जरिए दोबारा टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
दूसरी बार टोकन निरस्त हुआ तो क्या होगा नियमों के तहत बार-बार टोकन निरस्त कराने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। पहली बार टोकन निरस्त होने पर-किसान को दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का मौका मिलेगा। दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर-निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा। अधिकतम टोकन सीमा-लघु एवं सीमांत किसानों के लिए अधिकतम 2 टोकन और बड़े किसानों के लिए अधिकतम 3 टोकन की सीमा तय है। तय तारीख और मात्रा का रखना होगा ध्यान धान खरीदी के दौरान किसानों को टोकन में दर्ज तारीख पर ही उपार्जन केंद्र पहुंचना होगा। तय समय पर धान न लाने या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लाने की स्थिति में बची हुई मात्रा की खरीदी और दोबारा टोकन से जुड़े तय नियम लागू होंगे।


