Blog

5 से 15 हजार रुपये के लालच में साइबर ठगों को बेच दिए बैंक खाते, दुर्ग में म्यूल बैंक अकाउंट वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

बिगुल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी के पैसों का लेन-देन करने वाले एक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले 9 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन लोगों ने महज 5 हजार से 15 हजार रुपये के बदले अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को सौंप दिए थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को ट्रांसफर करने और निकालने में किया जा रहा था।

साइबर अपराधियों को दिए बैंक खाते पुलिस की जांच में सामने आया कि साइबर अपराध से जुड़े लोग एजेंटों के माध्यम से बैंक खाते जुटाते थे। इसके लिए ऐसे लोगों को निशाना बनाया जाता था, जो कमीशन के बदले अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज देने को तैयार हो जाते थे। खाताधारकों को इसके बदले 5 हजार से 15 हजार रुपये तक दिए जाते थे। जांच के मुताबिक, खाते उपलब्ध कराने वाले लोगों को इस बात की जानकारी थी कि उनके बैंक खातों का इस्तेमाल दूसरे लोग कर रहे हैं। इन खातों के जरिए साइबर ठगी से हासिल लाखों रुपये की रकम का लेन-देन किया गया।

20 नवंबर को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर 9 खाताधारकों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य खातों के जरिए हुए लेन-देन और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाना है। कार्रवाई में टेकेश्वर साहू (21), रौनक अग्रवाल (23), तीरथ राम ठाकुर (33), राजीव कुमार (23), प्रदीप कुमार (27), इन्द्रजीत सिंह (23), नीलेश चक्रधारी (23), परमजीत सिंह (55) और गुरमेल सिंह (36) शामिल हैं। सभी दुर्ग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या बैंक से जुड़े दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button