मध्यप्रदेश

65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी हुआ e-KYC, 1 सितंबर से Mor Bijli App पर मिलेगी सुविधा

बिगुल
छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश के करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन का भी e-KYC कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं और राजधानी के डीडीनगर जोन में प्रक्रिया का ट्रायल भी शुरू किया गया है। 1 सितंबर से उपभोक्ता Mor Bijli App के जरिए घर बैठे अपना e-KYC कर सकेंगे। इसके अलावा मीटर रीडरों और बिजली विभाग के कार्यालयों के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आधार और BP नंबर से पूरी होगी प्रक्रिया

बिजली कनेक्शन का e-KYC कराने के लिए उपभोक्ता को मुख्य रूप से आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन का BP नंबर चाहिए होगा। पॉवर कंपनी की कोशिश है कि उपभोक्ताओं को e-KYC के लिए किसी बाहरी च्वाइस सेंटर के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके लिए ऑनलाइन सुविधा के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी कर्मचारियों की मदद उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी ने इस पूरी प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी की है, ताकि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का e-KYC बिना परेशानी पूरा किया जा सके।
Mor Bijli App से घर बैठे कर सकेंगे e-KYC

उपभोक्ताओं के लिए सबसे आसान विकल्प Mor Bijli App के जरिए e-KYC करना होगा। ऐप में इसके लिए अलग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ता को अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद सिस्टम आधार कार्ड में दर्ज नाम और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम का मिलान करेगा। दोनों नामों के समान होने पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP दर्ज करने के बाद उपभोक्ता को अपनी फोटो या सेल्फी लेने का विकल्प मिलेगा। सेल्फी अपलोड करते ही e-KYC की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
5 हजार से ज्यादा मीटर रीडर भी करेंगे मदद

पॉवर कंपनी ने e-KYC को ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में काम कर रहे 5 हजार से अधिक मीटर रीडरों को भी इस अभियान से जोड़ने का फैसला किया है। मीटर रीडर महीने के पहले 15 दिन नियमित रूप से मीटर रीडिंग का काम करेंगे। इसके बाद अगले 15 दिनों में वे उपभोक्ताओं के घर-घर पहुंचकर e-KYC कराने में सहायता करेंगे। इस व्यवस्था से उन उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा, जिन्हें मोबाइल ऐप के जरिए खुद e-KYC करने में परेशानी हो सकती है।
बिजली दफ्तरों में बनेगा अलग काउंटर

उपभोक्ताओं को ऑफलाइन सुविधा देने के लिए पॉवर कंपनी के DC सेंटरों में अलग e-KYC काउंटर बनाए जा रहे हैं। यहां उपभोक्ताओं के लिए चेहरे की पहचान के साथ थंब इंप्रेशन के जरिए भी e-KYC कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जो उपभोक्ता अपने क्षेत्र के DC सेंटर में जाकर प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं, उन्हें अपना आधार कार्ड और बिजली बिल साथ लेकर जाना होगा। बिजली बिल से कनेक्शन का BP नंबर लिया जा सकेगा।

आधार और बिजली कनेक्शन में नाम अलग हुआ तो पहले होगा सुधार

e-KYC के दौरान यदि आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम अलग-अलग पाया जाता है तो सीधे e-KYC पूरा नहीं किया जाएगा। पहले बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम को सही कराया जाएगा। इसके बाद e-KYC की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वहीं, यदि बिजली कनेक्शन परिवार के किसी ऐसे सदस्य के नाम पर है जिनका निधन हो चुका है, तो संबंधित उपभोक्ता को मृत्यु प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके आधार पर बिजली कनेक्शन में नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नाम अपडेट होने के बाद e-KYC कराया जाएगा।

पहली बार बिजली कनेक्शन के लिए लागू होगी e-KYC व्यवस्था

छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने प्रदेश में पहली बार बिजली कनेक्शनों के लिए e-KYC की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कंपनी का उद्देश्य है कि प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं का सत्यापन आसानी से किया जा सके और इसके लिए उन्हें अनावश्यक रूप से किसी च्वाइस सेंटर या अन्य स्थान पर जाकर लंबी लाइन में न लगना पड़े।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button