चुनाव : महापौर एजाज ढेबर आज पार्षदों संग निर्वाचन आयोग से मिलेंगे, नगरीय चुनाव ईवीएम की जगह मत पत्र से कराने की मांग करेंगे

बिगुल
रायपुर. महापौर एजाज ढेबर ने आगामी नगर निगम चुनाव में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव करने की मांग की है।
श्री ढेबर आज कांग्रेस के सभी पार्षदों के साथ दोपहर 12.30 बजे नया रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग जाएंगे तथा वहां अजय सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे. श्री ढेबर ने कहा कि कई देशों में ईवीएम प्रणाली से चुनाव खारिज किए जा रहे हैं और बैलेट पेपर प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। हमारे यहां भी राजनीतिक दलों का और प्रत्याशियों का भरोसा ईवीएम प्रणाली से डगमगाया है क्योंकि इसके हैक होने की संभावना तकनीकी विशेषज्ञ जताते रहे हैं, इससे मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है।
अतः हम निर्वाचन आयोग से मांग करेंगे कि आगामी नगरीय चुनाव में ईवीएम की जगह मत पत्रों से चुनाव कराए जाएं. श्री ढेबर की इस मुहिम को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी समर्थन दे सकते हैं। श्री बघेल ने गुजरे लोकसभा चुनाव में यह मांग की थी कि कांग्रेस पार्टी के सभी सांसद प्रत्याशी एक साथ पत्र लिखकर निर्वाचन आयोग से मतदान प्रणाली को बदलने की मांग कर सकते हैं। कांग्रेस पार्षदों के बाद पार्टी के सभी विधायक भी ऐसी मांग कर सकते हैं।



